कटरा-बनिहाल रेलखंड पर अब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

कटरा-बनिहाल रेलखंड पर अब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

रेलवे मंत्रालय ने दी अधिकतम अनुमेय गति बढ़ाने की मंजूरी, जम्मू-कश्मीर की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के अंतर्गत श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल रेलखंड पर अब ट्रेनें अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी। रेलवे मंत्रालय ने 111 किलोमीटर लंबे नए ब्रॉडगेज रेलखंड पर अधिकतम अनुमेय गति को बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इससे पहले इस रेलखंड पर श्री माता वैष्णो देवी कटरा-संगलदान के बीच 85 किलोमीटर प्रति घंटा और संगलदान-बनिहाल के बीच 75 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति अनुमन्य थी। गति बढ़ाने से यात्रियों को पहले की तुलना में तेज रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।

सुरक्षा मानकों की जांच के बाद मिली मंजूरी

रेलवे मंत्रालय की ओर से गति बढ़ाने की मंजूरी रेलवे द्वारा सुरक्षा से संबंधित सभी निर्धारित शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित किए जाने के बाद दी गई है। इससे रेल प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि गति बढ़ाने के साथ यात्रियों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है।

यात्रा समय होगा कम

गति बढ़ने से श्री माता वैष्णो देवी कटरा से बनिहाल के बीच यात्रा समय में कमी आने की उम्मीद है। यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी। जम्मू-कश्मीर के दुर्गम क्षेत्रों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में यह रेलखंड पहले से ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल ने कहा कि गति बढ़ने से न केवल यात्रा समय कम होगा, बल्कि जम्मू-कश्मीर की रेल कनेक्टिविटी भी और मजबूत होगी। यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कटरा-बनिहाल रेलखंड पर गति बढ़ाने का निर्णय जम्मू-कश्मीर में रेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।