खेरागढ़ में के.एस. इंटर कॉलेज की तिरंगा यात्रा, शहीदों को किया नमन

पत्रकार सुमित गर्ग,

खेरागढ़। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर के.एस. इंटर कॉलेज, रिठौरी-कागारौल द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा कॉलेज परिसर से शुरू होकर सर्वप्रथम कारगिल शहीद चौधरी रामवीर सिंह की प्रतिमा पर पहुंची, जहां विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य सहित उपस्थित अतिथियों ने शहीद रामवीर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद तिरंगा यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद जयपाल सिंह की प्रतिमा पर पहुंची, जहां भी माल्यार्पण कर वीर शहीद को नमन किया गया। तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के संस्थापक ललित कुमार तथा श्रीमती शांति वर्मा मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में एडवोकेट रामशंकर राजपूत एवं एडवोकेट अनीता सिंह ने सहभागिता की। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक संतोष कुमार राजपूत, प्रधानाचार्य सोनवीर सिंह, पूर्व प्रबंधक जीतेन्द्र रावत सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

तिरंगा यात्रा के बाद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय संस्थापक ललित कुमार द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।