रतलाम में 7.5 करोड़ के सोने की लूट की झूठी कहानी, सर्राफा व्यापारी ने पुलिस को किया गुमराह

रतलाम :बीती रात एक सर्राफा व्यापारी के साथ 5 किलो सोने के जेवरात लूटे जाने की घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. देर रात तक पुलिस की टीमों ने तलाशी अभियान चलाया, इस दौरान जो खुलासा हुआ वो चौंकाने वाला था. पुलिस को पता चला कि सराफा व्यापारी ने पुलिस को जो लूट की कहानी बताई वो झूठी थी.

पुलिस को बताई बस से लूट होने की कहानी

पुलिस के मुताबिक सर्राफा व्यापारी अर्पित चौरडिया ने पुलिस को सूचना दी थी कि बड़नगर से बस में बैठकर लौटते समय उनके साथ लूट हुई है. पांच अज्ञात बदमाशों ने उनसे 5 किलो सोने के जेवरात लूट लिए. पहले से ही बस में बैठे बदमाश जेवरात से भरा बैग छीनकर रेनमऊ फंटे के पास से भाग निकले. सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी और बिलपांक थाना पुलिस सर्चिंग में जुटी. लेकिन व्यापारी के बयान पर शक होने के बाद पुलिस ने व्यापारी के ही एक दोस्त को पकड़ लिया, जिससे सोने के कुछ आभूषण बरामद किए गए.

खुद दोस्त को सौंपे थे कुछ जेवरात

जांच में सामने आया कि शिकायत करने वाले सर्राफा व्यापारी ने खुद ही कुछ सोने के आभूषण अपने दोस्त को सुपुर्द कर दिए थे. जेवर भी उतने नहीं थे जितने की कहानी व्यापारी ने पुलिस को बताई थी. पुलिस अब इस जांच में जुट गई है कि आखिर सर्राफा व्यापारी ने ये झूठी कहानी क्यों बनाई और पुलिस को गुमराह क्यों किया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पुलिस को झूठी कहानी बताने वाले व्यापारी और उसके दोस्त के ऊपर अब कार्रवाई होगी.

5 किलो सोने की बात पर पुलिस को शक

एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने बताया,�'' व्यापारी अर्पित चौरडिया ने पुलिस को शिकायत की थी कि वह उज्जैन के बड़नगर से रतलाम आ रहे थे. पहले से ही बस में सवार बदमाशों ने बस रुकवाकर करीब 5 किलो सोने के जेवरात से भरा बैग छीन लिया और भाग गए. सोने की कीमत करीब 7.50 करोड़ बताई गई, जिसके बाद रतलाम पुलिस प्रशासन एक्टिव हुआ, सीसीटीवी खंगाले और वाहनों की चेकिंग शुरू की. हालांकि, इसी बीच इतनी बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बस में लेकर आने और व्यापारी के बयान पर पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद इस मामले में व्यापारी के एक दोस्त को हिरासत में लिया गया है.''

एडिशनल एसपी ने आगे कहा, '' व्यापारी के एक दोस्त से सोने के कुछ आभूषण बरामद किए गए हैं, जो उसने खुद उसे दिए थे. ये पूरा मामला बेहद संदिग्ध है, इसलिए सभी एंगल पर जांच की जा रही है. संदिग्धों से पूछताछ के बाद इस मामले में खुलासा किया जाएगा.''