महाप्रबंधक रामाश्रय पांडेय ने हिम्मतनगर-खेड़ब्रह्मा रेलखंड का किया निरीक्षण, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर दिया जोर

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडेय ने मंगलवार को अहमदाबाद मंडल के हिम्मतनगर-खेड़ब्रह्मा रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने रेल परिचालन की सुरक्षा, यात्री सुविधाओं, रेलवे परिसंपत्तियों के रखरखाव और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

हिम्मतनगर स्टेशन पहुंचने पर मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने महाप्रबंधक का स्वागत किया। इसके बाद महाप्रबंधक ने हिम्मतनगर से खेड़ब्रह्मा तक विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से रेलखंड का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे ट्रैक, लेवल क्रॉसिंग, पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग सहित विभिन्न आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया और संरक्षा एवं गुणवत्ता के उच्च मानकों को बनाए रखने के निर्देश दिए।

खेड़ब्रह्मा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा

खेड़ब्रह्मा स्टेशन पहुंचकर महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद महाप्रबंधक रामाश्रय पांडेय और मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने स्टेशन पर आयोजित तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा में भाग लेकर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

अंबाजी रेल कनेक्टिविटी से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

महाप्रबंधक ने धरोई पर्यटन विकास परियोजना को लेकर राज्य प्रशासन एवं उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पर्यटन विकास, रेल कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के समन्वित विकास पर चर्चा हुई।

इसके साथ ही खेड़ब्रह्मा-अंबाजी नई रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे से जुड़े कार्यों और प्रस्तावित रेल कनेक्टिविटी पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों से परियोजना की तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक समन्वय के साथ कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

खेड़ब्रह्मा-अंबाजी रेल कनेक्टिविटी विकसित होने से अंबाजी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की भी उम्मीद है।

व्यापारियों से भी लिया सुझाव

महाप्रबंधक रामाश्रय पांडेय ने विजापुर में स्थानीय व्यापारियों एवं हितधारकों के साथ बैठक कर रेलवे से जुड़ी स्थानीय आवश्यकताओं, व्यापारिक गतिविधियों, माल परिवहन और यात्री सुविधाओं पर चर्चा की। उन्होंने व्यापारियों के सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं समन्वय के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सुरक्षा, सुविधा और विकास?तीनों क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए रेलवे व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।