भारी बारिश के बीच रेलवे अलर्ट, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कांगड़ा रेलखंड पर विशेष निगरानी

जम्मू। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और रेल पटरियों पर पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए उत्तर रेलवे जम्मू मंडल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील रेलखंडों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरो गेज रेलखंड पर मौसम की चुनौती को देखते हुए 12 अगस्त 2026 को पठानकोट-बैजनाथ पपरोला खंड की ट्रेन संख्या 52467, 52470, 52474 और 52465 का संचालन अग्रिम आदेश तक अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।

वहीं यात्रियों की सुविधा और रेल संपर्क बनाए रखने के लिए ट्रेन संख्या 52473, 52464, 52472 और 52469 का संचालन जारी रखा गया है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि मौसम की स्थिति के बीच भी यात्रियों को सुरक्षित और आवश्यक रेल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर डीईएन शुभम पवार भी पूरी स्थिति को लेकर अलर्ट हैं। संवेदनशील स्थानों पर रेल पटरियों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारी बारिश और भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार सक्रिय हैं। प्रभावित क्षेत्रों में ट्रैक की निगरानी, सुरक्षा जांच और आवश्यक मरम्मत कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। स्थिति सामान्य होते ही रेल सेवाओं को सुचारु करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की आधिकारिक सूचना या पूछताछ केंद्र से अवश्य प्राप्त कर लें। रेलवे की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।