पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से कार्य करें: अन्नू श्रीवास्तव

फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर गुरुवार को खागा विधानसभा क्षेत्र के धाता और विजयीपुर मंडलों में आत्मनिर्भर मंडल बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाए रखने के लिए मंडलों की नियमित बैठकें अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से कार्य करें।उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर तिरंगा अभियान, डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (डीएलपी) तथा संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली कलश यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समर्पित भाव से संगठन को मजबूत करने में जुटा हुआ है। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की 1 से 7 तारीख के बीच मंडल बैठकों का आयोजन किया जाता है। इन बैठकों में पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाती है। धाता मंडल की बैठक में विमलेश पांडेय, रामनारायण शुक्ला, विवेक सिंह, गुलजारी लाल सिंह, महेंद्र सिंह पटेल, जितेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह कछवाह, हिमांशु त्रिपाठी, उत्कर्ष जायसवाल और राकेश द्विवेदी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विजयीपुर मंडल की बैठक में प्रीति सिंह, अनिल त्रिपाठी, विक्रम निषाद सहित मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।