आईआरसीटीसी का विशेष धार्मिक टूर: 4 ज्योतिर्लिंग और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन का सुनहरा अवसर, 17 अगस्त से चलेगी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन

लखनऊ। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष धार्मिक यात्रा लेकर आया है। 17 अगस्त 2026 से 26 अगस्त 2026 तक संचालित होने वाली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से यात्रियों को चार प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के साथ स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और गुजरात के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा।

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि यह विशेष ट्रेन गोरखपुर से रवाना होगी और मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर सहित विभिन्न स्टेशनों से यात्री इसमें सवार हो सकेंगे।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारका, सिग्नेचर ब्रिज और विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भी दर्शन करेंगे।

यह 9 रात और 10 दिन का टूर पैकेज है। इसमें स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी श्रेणियों में रेल यात्रा, ठहरने की व्यवस्था, शाकाहारी नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि भोजन तथा स्थानीय भ्रमण के लिए एसी और नॉन-एसी बसों की सुविधा शामिल है।

मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि स्लीपर श्रेणी का पैकेज 18,380 रुपये, थर्ड एसी का 29,570 रुपये और सेकेंड एसी का 38,870 रुपये प्रति व्यक्ति है। यात्रियों की सुविधा के लिए एलटीसी और ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से समय रहते आईआरसीटीसी के लखनऊ कार्यालय अथवा आधिकारिक वेबसाइट पर बुकिंग कराने की अपील की।