गैस पाइप में लगी आग, गरीब परिवार की गृहस्थी जलकर राख

  1. लापुर (अंबेडकर नगर)।राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खरूवईयां नई बस्ती में बुधवार सुबह गैस पाइप में रिसाव के कारण लगी आग से एक गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई।

    गांव निवासी मेवाती, पत्नी स्वर्गीय रामसमुझ वर्मा, सुबह घर में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस पाइप में रिसाव होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

    अग्निकांड में बिस्तर, चारपाई, कपड़े, बर्तन, खाद्यान्न, लगभग सात हजार रुपये नकद तथा जेवरात सहित पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित परिवार मजदूरी कर किसी तरह अपना जीवनयापन करता है। परिवार में चार पुत्रियां हैं और पति का पहले ही निधन हो चुका है। आग लगने के बाद परिवार के सामने भोजन और दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।

    सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन, राजेश विश्वकर्मा, शशिकांत, रामकुमार, रामसुख निषाद, दयाराम मौर्य, मेढू गौतम, रणजीत निषाद समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।

    सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।