ज्ञानेश्वरी यादव ने राष्ट्रमंडल खेलों में जीता रजत, भाजयुमो जिला अध्यक्ष सतेन्द्र रजवाड़े ने दी बधाई

रायपुर। राष्ट्रमंडल खेल-2026 के ग्लासगो संस्करण में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष सतेन्द्र राजवाड़े ने बधाई दी है।

सतेन्द्र राजवाड़े ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर परिश्रम और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर न केवल देश के लिए पदक जीता, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के खिलाड़ियों और युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने निरंतर अभ्यास और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल, एशियाई खेलों सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाती रहेंगी।