लुधियाना स्टेशन पर सरप्राइज टिकट चेकिंग अभियान, 100 से अधिक यात्रियों से ₹95 हजार का राजस्व वसूल

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने लुधियाना रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को विशेष "सरप्राइज टिकट चेकिंग" अभियान चलाकर बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 100 से अधिक यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पाए गए, जिनसे 95 हजार रुपये का रेल राजस्व वसूला गया।

विशेष अभियान में 10 टिकट चेकिंग कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर सघन जांच की। कार्रवाई के साथ-साथ यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक और प्रेरित भी किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने की आदत विकसित करना, अनियमित यात्रा पर रोक लगाना और रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इससे यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर रेल यात्रा का अनुभव भी मिलता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने सभी यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर और संबंधित श्रेणी के कोच में ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा, पारदर्शी व्यवस्था और राजस्व संरक्षण के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे।