वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन का निर्माण तेजी से जारी, यात्रियों को मिलेगी निर्बाध कनेक्टिविटी

मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत विकसित किए जा रहे वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह स्टेशन भारतीय रेलवे के वडोदरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-7 के ऊपर बनाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बुलेट ट्रेन और भारतीय रेलवे के बीच आसानी से आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

स्टेशन का वर्तमान स्थान पश्चिम रेलवे के वडोदरा स्टेशन तथा शहर एवं अंतरराज्यीय बस डिपो से सीधे जुड़ा हुआ है। इससे यात्रियों को एक ही स्थान पर विभिन्न परिवहन साधनों के बीच सहज और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी।

वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन का डिजाइन शहर में बड़ी संख्या में पाए जाने वाले बरगद (वट) के पेड़ों से प्रेरित है। स्टेशन की आंतरिक संरचना इस प्रकार तैयार की जा रही है कि यात्री क्षेत्रों में भरपूर प्राकृतिक रोशनी पहुंचे और खुले आसमान का भी सुंदर दृश्य दिखाई दे।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर आधुनिक प्रतीक्षालय, शिशु देखभाल कक्ष, विश्राम कक्ष, खुदरा दुकानें (रिटेल क्षेत्र) सहित अनेक अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा कार, बस और ऑटो जैसे विभिन्न परिवहन साधनों के लिए अलग-अलग पार्किंग, पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ क्षेत्रों की भी व्यवस्था की जा रही है।

निर्माण कार्य की प्रगति

वर्तमान में स्टेशन के कॉनकोर्स, ट्रैक और प्लेटफॉर्म स्तर पर स्लैब कास्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है। अब स्ट्रक्चरल स्टील एरेक्शन (इस्पात ढांचा स्थापित करने) का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

यह स्टेशन भविष्य में हाई स्पीड रेल और भारतीय रेलवे के बीच उत्कृष्ट एकीकरण का उदाहरण बनेगा तथा यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।