पुणे यार्ड में मध्य रेल की बड़ी उपलब्धि, महज 9 घंटे में पूरा हुआ ट्रैक उन्नयन कार्य

मुंबई। यात्रियों को सुरक्षित, तेज और सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में मध्य रेल ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पुणे मंडल ने पुणे यार्ड में 52 किलोग्राम डायमंड डबल स्लिप (DDS) पॉइंट को सफलतापूर्वक 60 किलोग्राम पॉइंट में परिवर्तित कर ट्रैक अवसंरचना को और अधिक मजबूत बनाया है। यह इस प्रकार का तीसरा सफल रूपांतरण है।

रेलवे के अनुसार यह कार्य रविवार, 2 अगस्त को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक लिए गए मात्र 9 घंटे के ब्लॉक में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वय के साथ कार्य किया।

इस उन्नयन के बाद पुणे यार्ड में ट्रेनों का संचालन पहले से अधिक सुरक्षित, सुचारु और तेज होगा। साथ ही अधिक भार वाली ट्रेनों, बढ़ते रेल यातायात और उच्च गति से चलने वाली ट्रेनों का संचालन भी अधिक सुरक्षित तरीके से किया जा सकेगा। इसके अलावा ट्रैक के रखरखाव की आवश्यकता भी कम होगी, जिससे परिचालन क्षमता में सुधार आएगा।

ब्लॉक के दौरान 8 स्टॉक रेल, 8 टंग रेल, 2 एक्यूट क्रॉसिंग, 2 ऑब्ट्यूज़ क्रॉसिंग, 4 लीड रेल और 4 स्विच मोटरों का प्रतिस्थापन किया गया। इसके साथ ही ग्लूड जॉइंट का निर्माण एवं समावेशन, टर्नआउट स्लीपरों का प्रतिस्थापन तथा प्लेटफॉर्म नंबर-1 के एप्रन क्षेत्र में स्लीपर बदलने सहित कई महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य भी पूरे किए गए।

मध्य रेल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और विश्वसनीय रेल संचालन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से रेल अवसंरचना के आधुनिकीकरण और उन्नयन का कार्य लगातार जारी है।