हरदोई पुलिस को मिला हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन, ओवरस्पीड वाहनों पर रखेगा नजर, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मिलेगी सहायता

हरदोई। सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से हरदोई पुलिस को अत्याधुनिक हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन मिला है। पुलिस लाइन परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम और क्षेत्राधिकारी यातायात अनुज मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। इस दौरान यातायात प्रभारी निरीक्षक प्रमोद यादव भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में शुरू किए गए इस इंटरसेप्टर वाहन में स्पीड डिटेक्शन सिस्टम, एलईडी स्पीड डिस्प्ले, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, वीडियो रिकॉर्डिंग सहित कई आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इनकी मदद से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों की निगरानी, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहायता मिलेगी।
हरदोई पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही सभी यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस का कहना है कि नई तकनीक से लैस यह इंटरसेप्टर वाहन जिले में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।