राशन की दुकान पर नायब तहसीलदार सप्लाई इंस्पेक्टर का छापा

लहरपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलवा डीगरा में स्थित कोटेदार मदनलाल की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर नायब तहसीलदार ने छापा मारा। यह कार्रवाई ग्रामीणों द्वारा राशन न मिलने की शिकायत के बाद की गई। कोटेदार मदनलाल मौके पर मौजूद नहीं थे।
नायब तहसीलदार सूरज भारती के नेतृत्व में क्षेत्रीय लेखपाल, सप्लाई इंस्पेक्टर सुनील कुमार और भदफर चौकी इंचार्ज मालिक राम साहनी सहित एक टीम शाम करीब 7 बजे दंडपुरवा गांव स्थित दुकान पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में दुकान का ताला तोड़ा गया और स्टॉक की जांच की गई।
जांच में दुकान से केवल दो-तीन बोरी गल्ला ही बरामद हुआ, जबकि शेष गल्ला गायब पाया गया। ग्रामीणों ने पूर्व में तहसील दिवस में कोटेदार मदनलाल के खिलाफ राशन वितरण न करने की शिकायत की थी।
नायब तहसीलदार और सप्लाई इंस्पेक्टर ने स्टॉक में मिली कमी पर कार्रवाई की। बरामद गल्ले को टीम अपने साथ ले गई। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।