स्कूली टेम्पो की चपेट में आने से छात्र की मौत

आलापुर (अम्बेडकरनगर)। गिरैया बाजार स्थित एक निजी विद्यालय के 10 वर्षीय छात्र की शुक्रवार दोपहर स्कूली टेम्पो की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के ग्राम जैती निवासी अजीत कुमार का पुत्र ऋतिक (10) गिरैया बाजार स्थित रामजी तिवारी पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। शुक्रवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद वह अन्य बच्चों के साथ टेम्पो से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पानी की बोतल का ढक्कन गिरने पर उसने चालक से वाहन रोकने को कहा। इसी दौरान वह वाहन से नीचे गिर गया और टेम्पो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
आनन-फानन में विद्यालय के शिक्षक और परिजन उसे उपचार के लिए जहांगीरगंज तथा बाद में आजमगढ़ के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक चार बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने टेम्पो चालक और विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष रितेश पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।