ओमनगर-चमनपुरा एलएचएस का डीआरएम और विधायक ने किया निरीक्षण, 30 सितंबर तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में निर्माणाधीन ओमनगर-चमनपुरा लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) परियोजना का मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश और ठक्करबापा नगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक कंचनबेन विनुभाई रादड़िया ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

असारवा-हिम्मतनगर रेलखंड पर लेवल क्रॉसिंग संख्या-3 के स्थान पर लगभग ₹19 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे इस लिमिटेड हाइट सबवे की लंबाई 265 मीटर और चौड़ाई 8.5 मीटर होगी। परियोजना का निर्माण आधुनिक बॉक्स पुशिंग तकनीक से किया जा रहा है और रेलवे ट्रैक के नीचे बॉक्स पुशिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में अप्रोच रोड निर्माण, अहमदाबाद नगर निगम द्वारा सीवरेज ड्रेन और टोरेंट पावर द्वारा विद्युत केबलों के स्थानांतरण का कार्य जारी है। इन कार्यों के पूरा होते ही शेष निर्माण कार्य को और गति दी जाएगी। परियोजना को 30 सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

गौरतलब है कि हाल ही में अहमदाबाद दौरे के दौरान केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस अंडरब्रिज का निर्माण आगामी नवरात्रि महोत्सव से पहले पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए यह निरीक्षण किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक ने स्थानीय लोगों को हो रही आवाजाही की परेशानियों को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को ड्रेन और साइड रोड का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि इन कार्यों के दौरान एलएचएस का निर्माण बिना किसी बाधा के जारी रहे।

परियोजना पूरी होने के बाद ओमनगर और चमनपुरा क्षेत्र में लेवल क्रॉसिंग पर यातायात बाधित नहीं होगा, सड़क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिलेगा तथा लंबे समय से बनी जाम की समस्या से भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना क्षेत्र के हजारों नागरिकों के लिए आधुनिक और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।