सावन मास में महादेवन मंदिर पर निकाय सुलभ कराएगा सुविधाएं 

ऊंचाहार,रायबरेली।पवित्र सावन मास ने ऊंचाहार नगर के पौराणिक मंदिर महादेवन पर नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।जिन्हें मंगलवार को अंतिम रूप दिया गया।नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि कृष्ण चंद जयसवाल ने बताया कि पूरे सावन माह में शिवालय पर जलाभिषेक के लिए गंगा जल सुलभ होगा।जिसके लिए टैंकर और भंडारण की व्यवस्था की गई है।ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो।साथ ही मंदिर परिसर की रोज सफाई कराई जाएगी।मंदिर के आसपास प्रकाश , पेयजल,बैठने और कतार लगाने की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है।मंगलवार को सफाई कर्मियों की पूरी टीम ने मंदिर परिसर और आसपास सफाई की है। उन्होंने बताया कि सावन महीने में यहां बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक के लिए आते है।ऐसी मान्यता है कि यहां स्वयं भू शिवलिंग है और आसपास के क्षेत्र में इनकी बड़ी ख्याति है।दूर दराज क्षेत्र से बड़ी संख्या में यहां महिलाएं,पुरुष और बच्चे आते हैं।उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी है कि किसी को भी कोई परेशानी न हो।सभी लोग शांतिपूर्ण जलाभिषेक के साथ पूजा पाठ करें।