हरदोई में बेटे की फांसी के बाद मां ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, दोनों की मौत, परिवार में मचा कोहराम

हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक ही परिवार में हुई दो मौतों से सनसनी फैल गई। 17 वर्षीय किशोर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के बाद सदमे में उसकी मां ने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि 28 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि पिहानी चुंगी स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने रहने वाले हिमांशु गुप्ता (17) पुत्र रामप्रकाश गुप्ता ने अज्ञात कारणों से घर में फांसी लगा ली। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उसकी मां गीता गुप्ता (45) पत्नी रामप्रकाश गुप्ता गहरे सदमे में आ गईं और घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
गंभीर रूप से घायल गीता गुप्ता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि हिमांशु द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा परिजनों से पूछताछ कर अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।