हरदोई में सावन की तैयारियां पूरी, जिला दो जोन और सात सेक्टर में विभाजित, शनिवार से सोमवार तक सात जिलों के भारी वाहनों का रहेगा डायवर्जन

हरदोई। आगामी सावन माह और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरदोई पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह में बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगा घाटों से जल लेकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं का विस्तृत खाका तैयार किया गया है।
एसपी ने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कांवड़ संघों, प्रमुख मंदिरों के प्रबंधकों और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। पूरे जिले को दो जोन और सात सेक्टर में बांटा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी को नोडल प्रभारी बनाया गया है, जबकि संबंधित क्षेत्राधिकारी, एसडीएम और मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहेंगे।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सात डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। शनिवार से सोमवार रात 10 बजे तक कन्नौज, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, उन्नाव सहित अन्य मार्गों से आने वाले भारी वाहनों का डायवर्जन लागू रहेगा। कांवड़ मार्ग पर फोल्डिंग एरिया भी चिन्हित किए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को सुरक्षित खड़ा कराया जा सके।
कांवड़ मार्ग पर बिजली के पोल और ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित ढका जा रहा है। पेड़ों की छंटाई, ब्लैक स्पॉट पर रंबल स्ट्रिप और प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय करने तथा अतिरिक्त कैमरे लगाने का कार्य भी किया जा रहा है। प्रमुख मंदिरों में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग प्रवेश-निकास व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, पीएसी, एसडीआरएफ, अस्थायी पुलिस चौकियां और गंगा घाटों पर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। साथ ही डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने तथा मार्ग स्थित शराब व मीट की दुकानों को भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।