एलटीटी–रक्सौल विशेष ट्रेन की अवधि बढ़ी, रेलवे ने 14 अतिरिक्त फेरों की घोषणा

मुंबई। यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) मुंबई रक्सौल एलटीटी विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके तहत इस विशेष ट्रेन के 14 अतिरिक्त फेरे (7-7 सेवाएं) संचालित किए जाएंगे, जिससे महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 05558 एलटीटी मुंबई रक्सौल साप्ताहिक विशेष, जो पहले 30 जुलाई 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलनी थी, अब 6 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक संचालित होगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 05557 रक्सौल?एलटीटी मुंबई साप्ताहिक विशेष, जो पहले 28 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलती थी, अब 4 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक चलेगी। दोनों दिशाओं में 7-7 अतिरिक्त सेवाएं संचालित की जाएंगी।

इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी प्रथम श्रेणी, एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, शयनयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी, द्वितीय श्रेणी सीटिंग सह गार्ड ब्रेक वैन तथा जनरेटर कार सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन के संचालन दिवस, समय-सारिणी और सभी निर्धारित ठहरावों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

विशेष ट्रेन संख्या 05558 की विस्तारित सेवाओं के लिए 29 जुलाई 2026 से सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों तथा आईआरसीटीसी के माध्यम से टिकट बुकिंग शुरू होगी। यात्री रेलवन (RailOne) ऐप के जरिए भी टिकट आरक्षित कर सकते हैं। वहीं, ट्रेनों की समय-सारिणी और ठहराव संबंधी विस्तृत जानकारी एनटीईएस (NTES) ऐप और रेलवे की पूछताछ प्रणाली पर उपलब्ध रहेगी।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस विशेष ट्रेन सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।