भूस्खलन और ट्रैक धंसने से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द, रीशेड्यूल और रेगुलेट

मालीगांव। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण न्यू हरंगाजाओ स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक धंसने से लुमडिंग बदरपुर हिल सेक्शन पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द, पुनर्निर्धारित (रीशेड्यूल) और रेगुलेट किया है।

रेलवे के अनुसार प्रभावित खंड में फिलहाल लाइन-3 के माध्यम से सीमित रेल संचालन किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर यात्री ट्रेनों का संचालन रात 7 बजे से सुबह 5 बजे तक निलंबित रखा गया है, जबकि दिन के समय कड़ी निगरानी और निर्धारित शर्तों के तहत ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।

प्रभावित ट्रैक की जल्द बहाली के लिए रेलवे ने इंजीनियरिंग विभाग की विशेष टीमें और भारी मशीनरी मौके पर तैनात की हैं। युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी है और ट्रैक सुरक्षित होने के बाद सामान्य रेल सेवाएं बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

रेलवे ने इस दौरान गुवाहाटी दुल्लभछेरा एक्सप्रेस, दुल्लभछेरा गुवाहाटी एक्सप्रेस, गुवाहाटी सिलचर एक्सप्रेस और सिलचर गुवाहाटी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को रद्द किया है। इसके अलावा नारंगी अगरतला, अगरतला नारंगी, गुवाहाटी सैरांग, सैरांग गुवाहाटी, अगरतला देवघर, रंगिया?सिलचर और सिलचर रंगिया एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। वहीं एसएमवीटी बेंगलुरु अगरतला एक्सप्रेस को मार्ग में आवश्यकतानुसार रेगुलेट किया जाएगा।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सामान्य रेल परिचालन जल्द से जल्द बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।