बाढ़ प्रभावित तिनसुकिया मंडल में युद्धस्तर पर बहाली कार्य, 700 से अधिक कर्मचारी दिन-रात जुटे

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे तिनसुकिया मंडल के बाढ़ प्रभावित रेलखंडों में सामान्य रेल सेवाएं जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य चला रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में 700 से अधिक कर्मचारी और पोकलेन, जेसीबी सहित कई भारी मशीनें चौबीसों घंटे काम में जुटी हैं, ताकि रेल परिचालन सुरक्षित और शीघ्र शुरू किया जा सके।

रेलवे के अनुसार शिमलगुड़ी लाकुवा, शिमलगुड़ी नामार्ता आला, आमगुड़ी सेले गहाट तथा शिमलगुड़ी शिवसागर टाउन रेलखंडों में ट्रैक और तटबंधों को मजबूत करने का कार्य तेजी से चल रहा है। विभिन्न स्थानों पर बोल्डर, बैलास्ट, स्टोन डस्ट, सैंडबैग और रेल सामग्री का लगातार उपयोग कर क्षतिग्रस्त संरचनाओं को सुरक्षित बनाया जा रहा है।

आमगुड़ी?सेले गहाट सेक्शन में प्रभावित हिस्सों को मजबूत करने के लिए रेत की बोरियां, बांस की पाइलिंग और रेल पाइलिंग का सहारा लिया जा रहा है। वहीं शिमलगुड़ी शिवसागर टाउन सेक्शन में किनारों की सुरक्षा और ट्रैक की मजबूती के लिए लगातार बैलास्ट पहुंचाई जा रही है।

बहाली कार्य की निगरानी तिनसुकिया मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी स्वयं कर रहे हैं। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, संसाधनों की समय पर उपलब्धता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि रेल सेवाओं को बिना किसी जोखिम के दोबारा शुरू किया जा सके।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बाढ़ प्रभावित रेलखंडों में चौबीसों घंटे बहाली कार्य जारी है और सामान्य रेल परिचालन को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।