रेल कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने की दिशा में बड़ा कदम, बिलासपुर मंडल में हेल्थ केयर कमेटी की पहली बैठक आयोजित

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए हेल्थ केयर कमेटी की पहली बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) जे.एस. मीना ने की।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शेख सिराजुद्दीन, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक पूनम चौधरी, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) अरविंद विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा मान्यता प्राप्त एसईसीआरएमसी के समन्वयक विजय अग्निहोत्री एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान रेलवे अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाइयों की नियमित आपूर्ति, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा कर्मचारियों से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और विशेष चिकित्सा शिविरों के आयोजन पर भी जोर दिया गया।

अपर मंडल रेल प्रबंधक जे.एस. मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों और उनके परिजनों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा चिकित्सा संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हेल्थ केयर सेवाओं को और अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं कर्मचारी हितैषी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। यह पहल रेलवे कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित कार्य वातावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।