बिजली कटौती के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, बावन की सप्लाई हरदोई से जोड़ने की मांग, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

हरदोई। बावन क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और विद्युत व्यवस्था की बदहाली के विरोध में सोमवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महासचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष निर्भान सिंह यादव के नेतृत्व में विद्युत उपकेंद्र बावन के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बावन की विद्युत आपूर्ति श्रीमऊ के स्थान पर हरदोई से जोड़ने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "बिजली कटौती बंद करो", "ग्रामीणों को नियमित बिजली दो" और "भ्रष्टाचार बंद करो" जैसे नारे लगाए। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अधिशासी अभियंता के माध्यम से जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीओ रजत गुप्ता को सौंपा।
निर्भान सिंह यादव ने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के बीच क्षेत्र के लोग घंटों बिजली कटौती से परेशान हैं। लो-वोल्टेज के कारण किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और घरों में लगे टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे तथा मोटर जैसे विद्युत उपकरण भी खराब हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत उपकेंद्र में निजी व्यक्तियों के माध्यम से अवैध वसूली की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बावन की बिजली आपूर्ति करीब 45 किलोमीटर दूर श्रीमऊ से की जा रही है, जबकि हरदोई की दूरी लगभग 12 किलोमीटर है। यदि सप्लाई हरदोई से जोड़ी जाए तो बिजली व्यवस्था में काफी सुधार हो सकता है।
एसडीओ रजत गुप्ता ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों पर विचार करने और शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता के साथ बड़ा आंदोलन और आमरण अनशन किया जाएगा। प्रदर्शन में अमन अंबेडकर, ज्ञानेंद्र सिंह, शोभित सिंह, रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।