उत्तर रेलवे की नई सौगात: छेहरटा–वाराणसी 'सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस' का नियमित संचालन शुरू

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे ने रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई त्रि-साप्ताहिक ट्रेन संख्या 14624/14623 छेहरटा?वाराणसी?छेहरटा 'सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस' का नियमित संचालन 19 जुलाई 2026 से शुरू कर दिया है। इस नई रेलसेवा से पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम यात्रियों को सीधा, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिलेगा।

फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 14624 छेहरटा?वाराणसी सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को छेहरटा से दोपहर 2:05 बजे प्रस्थान करेगी और लगभग 22 घंटे की यात्रा के बाद अगले दिन दोपहर 12:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

वहीं ट्रेन संख्या 14623 वाराणसी?छेहरटा सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार, शनिवार और सोमवार को वाराणसी से शाम 7:50 बजे रवाना होगी और लगभग 21 घंटे की यात्रा पूरी कर अगले दिन शाम 5:10 बजे छेहरटा पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

दोनों दिशाओं में यह ट्रेन अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला छावनी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इससे इन शहरों के यात्रियों को भी सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।

यात्रियों के लिए पर्याप्त कोच

ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 16 कोच लगाए गए हैं, जिनमें:

6 सेकेंड क्लास (जनरल) कोच

7 स्लीपर क्लास कोच

2 वातानुकूलित थ्री-टियर (एसी-3) कोच

1 वातानुकूलित टू-टियर (एसी-2) कोच शामिल हैं।

श्रद्धालुओं और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

रेलवे के अनुसार इस नई रेलसेवा से पंजाब और उत्तर प्रदेश, विशेष रूप से धार्मिक नगरी वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन एक बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा विकल्प साबित होगी। नई ट्रेन के नियमित संचालन से दोनों राज्यों के बीच धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक संपर्क को भी नई मजबूती मिलेगी।