लालकुआं रेलवे स्टेशन पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, यात्रियों को मिल रहा साफ-सुथरा माहौल

बरेली। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा लालकुआं रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वच्छता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पेयजल स्थल, शौचालय तथा अन्य यात्री सुविधा क्षेत्रों की नियमित और गहन सफाई कराई जा रही है। स्वच्छता कर्मी पूरे स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

रेलवे प्रशासन स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि यात्रियों को हर समय साफ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। साथ ही स्टेशन पर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उनसे रेलवे परिसर को साफ रखने की अपील भी की जा रही है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे कूड़ा-कचरा केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। रेलवे का यह अभियान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वच्छ रेलवे स्टेशन की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।