मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, शिक्षा और छात्राओं की सुविधाओं को लेकर दिए अहम निर्देश

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने शनिवार को विकास खंड कुंदरकी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, डींगरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी कुंदरकी, प्रभारी वार्डन तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने विद्यालय के टॉयलेट, कंप्यूटर लैब, एसीआर कक्ष, अभिलेखों एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर, छात्रावास, रसोईघर और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने कक्षा 6 से 12 तक चल रहे शिक्षण कार्य का भी निरीक्षण किया और विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने ग्रीन बोर्ड पर गणित के प्रश्न हल कराए, जिनका छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ सही उत्तर दिया। छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत कर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

छात्रावास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने रसोई, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा और रहन-सहन की व्यवस्था का जायजा लिया तथा निर्देश दिए कि छात्राओं को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए।

सीडीओ ने विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षा, गणितीय दक्षता और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए गतिविधि-आधारित एवं नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा विद्यालय परिसर की विद्युत वायरिंग की जांच कर आवश्यक मरम्मत एवं प्रतिस्थापन कराने, खुले एवं कच्चे स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से इंटरलॉकिंग/टाइलीकरण कराने तथा परिसर में छायादार, फलदार, औषधीय और पुष्पीय पौधों का व्यापक पौधारोपण कराने के भी निर्देश दिए।

सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और विद्यालयों में सभी आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी।