अलीगढ़ में होटल, रेस्टोरेंट और बैंक्विट हॉलों का फायर ऑडिट, 226 लोगों को किया गया जागरूक

अलीगढ़। अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवाएं, लखनऊ तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देश पर जनपद में स्कीम संख्या-05 के तहत 14 से 20 जुलाई 2026 तक विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य होटल, रेस्टोरेंट, पब्लिक क्लब, बार और बैंक्विट हॉलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में शुक्रवार को अग्निशमन अधिकारियों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 24 प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों, फायर सेफ्टी सिस्टम, इवेक्वेशन (सुरक्षित निकासी) व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में अग्निशमन व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली या टेरेस टैंक, डाउन कमर, होज रील तथा होज पाइप जैसी व्यवस्थाएं अकार्यशील पाई गईं, उन्हें आवश्यक सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए। साथ ही संचालकों को निर्देश दिए गए कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखें और उनका नियमित अनुरक्षण कराते रहें।

अभियान के दौरान होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों के स्टाफ, संचालकों और आम लोगों सहित 226 व्यक्तियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों का प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान की गई। अग्निशमन विभाग ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, पब्लिक क्लब, बार या बैंक्विट हॉल की गतिविधियों का संचालन बेसमेंट में न किया जाए।

अग्निशमन विभाग का यह अभियान जनपद में अग्नि सुरक्षा मानकों को मजबूत करने, संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनसुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।