मुरादाबाद रोडवेज में 24 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला, संविदा चालक पदों पर होगी भर्ती

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) मुरादाबाद क्षेत्र में संविदा चालक पदों पर भर्ती के लिए 24 जुलाई 2026 को रोजगार मेले का आयोजन करेगा। यह मेला क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, रोडवेज, लाजपत नगर, मुरादाबाद में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

भर्ती के लिए अभ्यर्थी का कम से कम आठवीं पास होना आवश्यक है। आवेदन करने वाले की न्यूनतम आयु 23 वर्ष 6 माह तथा अधिकतम आयु 58 वर्ष निर्धारित की गई है। साथ ही उसके पास कम से कम दो वर्ष पुराना हैवी वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। न्यूनतम लंबाई 5 फीट 3 इंच निर्धारित की गई है।

प्रथम चरण की परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दिल्ली स्थित ड्राइविंग टेस्ट संस्थान में उन्नत प्रशिक्षण एवं परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चयनित चालकों को नियमानुसार संविदा पर नियुक्त किया जाएगा। उन्हें प्रति किलोमीटर के आधार पर पारिश्रमिक दिया जाएगा।

अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में अपने समस्त शैक्षिक प्रमाण-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। निगम ने इच्छुक युवाओं से निर्धारित तिथि एवं समय पर पहुंचकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी तथा पात्र अभ्यर्थियों का चयन नियमानुसार किया जाएगा।