अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बदला फतेहपुर रेलवे स्टेशन का स्वरूप, ₹32 करोड़ से हुआ आधुनिक पुनर्विकास

फतेहपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत फतेहपुर रेलवे स्टेशन का लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया गया है। दिल्ली?हावड़ा मुख्य रेलमार्ग पर स्थित यह महत्वपूर्ण स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देगा।

फतेहपुर रेलवे स्टेशन उत्तर भारत के सबसे पुराने रेलखंडों में से एक का हिस्सा है। वर्ष 1859 में शुरू हुए प्रयागराज?कानपुर रेलखंड पर स्थित यह स्टेशन लंबे समय से यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। गंगा और यमुना के मध्य स्थित होने के कारण इसका ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व भी विशेष है।

पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर आकर्षक भवन, नया जी+1 द्वितीय प्रवेश द्वार, विशाल कॉन्कोर्स, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत टिकटिंग व्यवस्था, विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, सुव्यवस्थित पार्किंग तथा अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए हैं। इसके अलावा प्लेटफॉर्म संख्या-4 का निर्माण, प्लेटफॉर्मों का आधुनिकीकरण, नए शेल्टर, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, अतिरिक्त एफओबी, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुगम सुविधाएं, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली और बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की गई है।

रेलवे का कहना है कि फतेहपुर स्टेशन का नया स्वरूप केवल आधुनिक अवसंरचना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। इससे क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होगा और पर्यटन, व्यापार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।