हरदोई में घर में घुसकर बुजुर्ग व बेटे से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल, जमीन कब्जे को लेकर हुआ विवाद

हरदोई। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम सरसई में जमीन विवाद को लेकर 67 वर्षीय बुजुर्ग राजपाल सिंह भदौरिया और उनके पुत्र सुरजीत सिंह भदौरिया के साथ घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के उदयवीर सिंह, नन्हें सिंह, कल्लू सिंह और जितेंद्र सिंह पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
राजपाल सिंह का कहना है कि घटना में उन्हें और उनके पुत्र को गंभीर चोटें आई हैं। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने अब तक उनका चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) नहीं कराया, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपी उनके घर के सामने स्थित जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन बताया जा रहा है कि उसमें कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर पीड़ित पक्ष की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
उधर, पाली थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट की घटना सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल परीक्षण में देरी के संबंध में उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।