आईआरसीटीसी की भारत गौरव ट्रेन से दक्षिण भारत और 4 ज्योतिर्लिंग यात्रा का सुनहरा अवसर

इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से दो विशेष धार्मिक पर्यटन पैकेज लेकर आया है। इनमें दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों के साथ 4 ज्योतिर्लिंग एवं स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा का अवसर मिलेगा। यात्राएं गोरखपुर रेलवे स्टेशन से संचालित होंगी और रास्ते में उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों से यात्री सवार हो सकेंगे।

पहला पैकेज 31 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक 11 रात और 12 दिन का है। इस यात्रा में श्रद्धालु तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। पैकेज में रेल यात्रा, होटल में ठहराव, शाकाहारी नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि भोजन तथा स्थानीय भ्रमण के लिए एसी और नॉन-एसी बसों की सुविधा शामिल है। इस यात्रा का किराया स्लीपर श्रेणी में 23,560 रुपये, 3 एसी में 39,100 रुपये और 2 एसी में 51,760 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।

दूसरा पैकेज 17 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक 9 रात और 10 दिन का है। इसमें महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर, बेट द्वारका तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण कराया जाएगा। इस यात्रा का किराया स्लीपर श्रेणी में 18,380 रुपये, 3 एसी में 29,570 रुपये और 2 एसी में 38,870 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है।

दोनों यात्राओं के लिए यात्री गोरखपुर, मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर स्टेशनों से ट्रेन में सवार हो सकेंगे।

आईआरसीटीसी के अनुसार इन टूर पैकेजों में एलटीसी और ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध है। इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी के लखनऊ कार्यालय अथवा आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।