बारात के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की हुई थी मौत, कई लोग झुलसे; पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा।

सहसवान (बदायूँ)। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सादपुर में बारात के दौरान हुए दर्दनाक करंट हादसे के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रांत यादव मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए ₹50,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि रविवार देर रात लगभग 12 बजे गांव सादपुर में बारात निकाली जा रही थी। बारात के साथ चल रही रंगशाला (डीजे) की ऊंची ट्रॉली रास्ते में नीचे लटक रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गई। ट्रॉली के तारों से छूते ही उसमें तेज करंट दौड़ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस दर्दनाक हादसे में अपिल यादव, पुत्र धर्मपाल यादव, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्री ओम सहित चार से पांच अन्य लोग करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना से कुछ ही क्षण पहले तक खुशियों में डूबी बारात का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया।

हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर मंगलवार को वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रांत यादव पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि इस कठिन समय में परिवार अकेला नहीं है। उन्होंने अपनी ओर से ₹50,000 की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि विक्रांत यादव समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंद परिवारों की सहायता और आपदा के समय लोगों की मदद के लिए वे लगातार सक्रिय रहते हैं। पीड़ित परिवार ने भी इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

प्रथम दृष्टया हादसे का कारण सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का नीचे लटकना और डीजे ट्रॉली की अधिक ऊंचाई माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि ऐसे स्थानों का सर्वे कर नीचे लटक रहे बिजली के तारों को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारातों के दौरान डीजे और रंगशाला की ऊंची ट्रॉलियों के बिजली की हाईटेंशन लाइनों से टकराने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद सुरक्षा मानकों का पालन न होने से ऐसे हादसे लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।