सीनियर डीसीएम बसंत कुमार की सख्ती, बिना टिकट यात्रियों पर बड़ी कार्रवाई

लुधियाना रेलवे स्टेशन पर चला विशेष फोर्ट्रेस चेक, 551 यात्रियों की टिकट जांच में कार्रवाई

फिरोजपुर। रेलवे में पारदर्शिता और नियमों के पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल ने गुरुवार को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर फोर्ट्रेस चेक के तहत विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया। टिकट जांच स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में व्यापक जांच अभियान संचालित किया।

अभियान के दौरान 551 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे करीब 5.61 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना और नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा, पारदर्शिता और अनुशासित यात्रा व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।