कटोसण रोड–रणुज रेलखंड पर सीआरएस का संरक्षा निरीक्षण शुरू, जल्द दौड़ेंगी यात्री ट्रेनें

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के कटोसण रोड?रणुज (63 किलोमीटर) रेलखंड पर 9 से 11 जुलाई 2026 तक रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) द्वारा संरक्षा निरीक्षण किया जा रहा है। यह निरीक्षण इस रेलखंड पर यात्री रेल सेवाओं के शुभारंभ की दिशा में अंतिम और महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।

निरीक्षण के तहत 9 और 10 जुलाई को मोटर ट्रॉली से पूरे रेलखंड का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा, जबकि 11 जुलाई को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से इंजन का स्पीड ट्रायल होगा। इस दौरान ट्रैक, सिग्नलिंग, पुल, ओएचई, इंटरलॉकिंग, बैलास्ट सहित सभी सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाएगी।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में इस रेलखंड पर केवल मालगाड़ियों का संचालन हो रहा है। सीआरएस की मंजूरी मिलने के बाद इस मार्ग पर यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे उत्तरी गुजरात के महेसाणा और पाटण जिलों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

इस रेलखंड के अंतर्गत बेचराजी, खांभेल और चाणसमा जैसे प्रमुख स्टेशन आते हैं। यात्री सेवाएं शुरू होने से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को बेहतर, सुरक्षित और किफायती रेल यात्रा का लाभ मिलेगा। प्रसिद्ध बेचराजी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी इससे विशेष सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार यह परियोजना क्षेत्र की कृषि, व्यापार और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी तथा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्रदान करेगी।

रेलवे की अपील: निरीक्षण अवधि के दौरान आम नागरिक रेल पटरियों और आसपास के क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में रेलवे लाइन पार करने का प्रयास न करें, क्योंकि इस दौरान उच्च गति से ट्रायल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।