स्वच्छता के दावों की खुली पोल: अमृतसर–जयनगर एक्सप्रेस के टॉयलेट में पानी खत्म, गंदगी से बेहाल यात्री

फिरोज़पुर। एक ओर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री देशभर में स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर रेलवे की लंबी दूरी की ट्रेनों में स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। फिरोज़पुर मंडल की ट्रेन संख्या 04652 अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्रियों ने शौचालयों की बदहाल स्थिति को लेकर गंभीर शिकायत की है।

यात्रियों के अनुसार ट्रेन के सभी टॉयलेट में पानी पूरी तरह खत्म हो चुका है। पानी न होने से शौचालयों में गंदगी फैली हुई है और दुर्गंध के कारण उनका इस्तेमाल करना लगभग असंभव हो गया है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार यात्रियों को उठानी पड़ रही है।

स्थिति से परेशान एक यात्री ने अपना पीएनआर भी साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेल मंत्रालय से शिकायत दर्ज कराई और तत्काल सफाई व पानी की व्यवस्था कराने की मांग की।

यात्रियों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर यात्री सुविधाओं और स्वच्छता के दावे किए जाते हैं, लेकिन चलती ट्रेन में शौचालयों जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। उनका आरोप है कि ऐसी लापरवाही यात्रियों के स्वास्थ्य और सुविधा दोनों के साथ खिलवाड़ है।

मामले की जानकारी लेने के लिए रेलवे अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। रेलवे इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करे और ट्रेनों में स्वच्छता व्यवस्था को केवल कागजों तक सीमित रखने के बजाय धरातल पर भी सुनिश्चित करे।