मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, कलीनगर अध्यक्ष माया देवी ने पात्र लाभार्थियों को किए प्रतीकात्मक चेक वितरित

कलीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने वाराणसी के बड़ालालपुर स्थित पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल (TFC) से 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का भव्य शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण तहसील सभागार कलीनगर में आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पंचायत कलीनगर अध्यक्ष माया देवी रहीं। उन्होंने योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। इस योजना के तहत बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के पात्र शिक्षकों तथा उनके परिवारों को प्रतिवर्ष प्रति परिवार ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का लाभ नियमित शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के संविदा कर्मियों को भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के स्कूली बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, बैग एवं स्टेशनरी आदि की खरीद के लिए ₹1200 की धनराशि डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष माया देवी, अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश भारती, उपजिलाधिकारी प्रमेश कुमार, तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार, खण्ड शिक्षा अधिकारी, भारतीय स्टेट बैंक शाखा कलीनगर के शाखा प्रबंधक सहित बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।