उत्तर पश्चिम रेलवे में संरक्षा और कार्यों की समीक्षा, महाप्रबंधक ने दिए अहम निर्देश

उत्तर पश्चिम रेलवे में संरक्षा और कार्यों की समीक्षा, महाप्रबंधक ने दिए अहम निर्देश

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार को महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में रेल संरक्षा, यात्री सुविधाएं, रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों की स्वच्छता, बुनियादी ढांचा, निर्माण कार्यों की प्रगति, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फेंसिंग और आय बढ़ाने से जुड़े विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षित रेल संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि निर्माण परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और कवच प्रणाली के कार्यों को तय समयसीमा में पूरा किया जाए। साथ ही ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा बुनियादी ढांचे के कार्यों में गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

मानसून को देखते हुए उन्होंने रेलवे ट्रैक की नियमित पेट्रोलिंग, विद्युत एवं सिग्नल उपकरणों की विशेष निगरानी और समय पर रखरखाव के निर्देश दिए। इसके अलावा विभागाध्यक्षों से नियमित निरीक्षण करने तथा कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा अभियान चलाने को कहा।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए भरोसा दिलाया कि मुख्यालय स्तर पर अनुमोदन वाले सभी कार्यों के निष्पादन में पूरा सहयोग दिया जाएगा, ताकि रेल यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।