राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर आईएमए आगरा ने चलाया जनजागरूकता अभियान, सांस्कृतिक संध्या में रिश्तों का दिखा खूबसूरत संगम

सुमित गर्ग संवाददाता,

आगरा। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) आगरा द्वारा पूरे दिन शहर के विभिन्न स्थानों पर आमजन के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में आकस्मिक चिकित्सा एवं हृदयाघात जैसी आपात स्थितियों में जीवन बचाने वाली सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) तकनीक का प्रशिक्षण और प्रदर्शन किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को समय पर सही प्राथमिक उपचार के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में जागरूकता और त्वरित कार्रवाई कई लोगों की जान बचा सकती है।

संध्या में सूरसदन प्रेक्षागृह में आईएमए आगरा की ओर से राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर भव्य डॉक्टर्स डे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम "रिलेशन्स ? द बॉन्डिंग" रही, जिसके माध्यम से विभिन्न रीजनल मेडिकल एसोसिएशनों ने गुरु-शिष्य, पिता-पुत्र, पति-पत्नी, मित्रता एवं अन्य पारिवारिक रिश्तों पर आधारित नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए संबंधों की भावनाओं और समय के साथ उनमें आए बदलावों का प्रभावशाली मंचन किया।

कार्यक्रम में डॉक्टर क्रॉनिकल, समूह नृत्य, गीत-संगीत, फैशन शो, रैंप वॉक और "शोले" पर आधारित हास्य स्किट विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। डॉ. अनूप दीक्षित ने चिकित्सकों के जीवन पर आधारित शोले की पैरोडी प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को खूब गुदगुदाया। वहीं डॉ. अनुज कुमार, डॉ. राजीव पचौरी, डॉ. आयुष, डॉ. दीपा और डॉ. सुशांत ने चिकित्सकों के जीवन के विभिन्न पड़ावों को गीतों की श्रृंखला में प्रस्तुत कर समा बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में 50 से अधिक चिकित्सकों ने रैंप वॉक में हिस्सा लेकर अपनी शानदार प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं।

इस अवसर पर डॉ. रणवीर त्यागी को इंडियन सोसायटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (आईएससीसीएम) का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर आईएमए आगरा द्वारा सम्मानित किया गया। उपस्थित चिकित्सकों ने इसे आगरा और उत्तर प्रदेश के चिकित्सा जगत के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

आईएमए आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नागायच ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने चिकित्सकों से सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।

मानद सचिव डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस समाज के प्रति अपने दायित्वों को दोहराने और जनसेवा का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने बताया कि आईएमए आगरा भविष्य में भी सीपीआर प्रशिक्षण, जनस्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियान निरंतर संचालित करता रहेगा।

कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सदस्यों, प्रायोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। सांस्कृतिक सचिव डॉ. अमिता कुशवाहा ने कलाकारों, विभिन्न रीजनल मेडिकल एसोसिएशनों और आयोजन समिति के सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन चिकित्सकों एवं उनके परिवारों के बीच आत्मीयता, सौहार्द और एकता को और अधिक मजबूत बनाते हैं।

कार्यक्रम में आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. जे.एन. टंडन, डॉ. रवि पचौरी, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. ओ.पी. यादव, डॉ. डी.वी. शर्मा, डॉ. अनूप दीक्षित, डॉ. शरद गुप्ता, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. राजीव पचौरी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरे आयोजन में चिकित्सकों एवं उनके परिवारों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस को यादगार बना दिया।