* संत कबीर जयंती पर लाल किला से निकली भव्य शोभा यात्रा *

नई दिल्ली। संत कबीर जयंती के पावन अवसर पर धानक-जुलाहा समाज, दिल्ली प्रदेश द्वारा लाल किला से गौरी शंकर मंदिर, चांदनी चौक तक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के संस्थापक चन्द्रमोहन खटक, प्रधान एडवोकेट महिपाल खनगवाल, महिला प्रधान बागेश्वरी कमर तथा युवा प्रधान लखन निर्माण ने बताया कि शोभायात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा को संत कबीर जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

चन्द्रमोहन खटक एवं एडवोकेट महिपाल खनगवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष संत कबीर जयंती के अवसर पर यह शोभायात्रा बड़े ही श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकाली जाती है। शोभायात्रा चांदनी चौक से प्रारंभ होकर फतेहपुरी, खारी बावली, कुतुब रोड, सदर बाजार, 12 टूटी चौक तथा सदर थाना रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।

उन्होंने बताया कि इस शोभायात्रा की विशेषता यह है कि इसमें सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। मार्ग में अनेक स्थानों पर स्वागत पंडाल लगाए गए, जहाँ श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों और बड़ी संख्या में शामिल श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन को भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण बना दिया।