जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के कार्यालय पर वीर अब्दुल हमीद की 93वीं जयंती पर गोष्ठी, चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, बांटी मिठाई

कासगंज। जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येन्द्र पाल सिंह बैस ने बुधवार को अपने कार्यालय पर अधिवक्ता साथियों के साथ परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की 93वीं जयंती पर गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। अधिवक्ताओं ने वीर अब्दुल हमीद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा मिष्ठान वितरण किया।

चेयरमैन सत्येन्द्र पाल सिंह बैस एडवोकेट ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद का जन्म 1 जुलाई 1933 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद के धामूपुर गांव में हुआ था। वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उन्होंने पंजाब के खेमकरण सेक्टर में अपनी 106 एमएम रिकॉयलेस राइफल से दुश्मन के आठ पैटन टैंकों को अकेले ही ध्वस्त कर अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। उनके अद्वितीय पराक्रम के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से अलंकृत किया गया।

उन्होंने कहा कि 10 सितंबर 1965 को मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीर अब्दुल हमीद वीरगति को प्राप्त हुए। उनका शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। ऐसे अमर सपूत का नाम सृष्टि के अस्तित्व तक स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

कार्यक्रम में केशव मिश्रा, जितिन मौर्य, कृष्णकांत, फिरोज खान, सत्यम शर्मा, अंजुम राहत, मोहम्मद तारिक अली, अभिषेक कुमार सिंह, अयोध्या प्रसाद, राज, शैलेंद्र सिंह, मुन्नालाल, आदित्य मिश्रा, मोहम्मद अयाज, अश्वनी कुमार, नरेंद्र शर्मा, मोहम्मद यासीन, एस.के. मलिक, खालिद, विनय कुमार और आकाश भारद्वाज सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।