पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिली बड़ी सौगात, आधुनिक वातानुकूलित प्रतीक्षालय और जन आहार केंद्र शुरू

पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिली बड़ी सौगात, आधुनिक वातानुकूलित प्रतीक्षालय और जन आहार केंद्र शुरू

यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने की दिशा में जम्मू मंडल ने पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण सुविधाओं की शुरुआत की है। स्टेशन पर यात्रियों के लिए आधुनिक वातानुकूलित प्रतीक्षालय तैयार किया गया है, वहीं सस्ती दरों पर स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए जन आहार केंद्र का भी शुभारंभ किया गया है।

रेल प्रशासन के अनुसार, गर्मी के मौसम में यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से स्टेशन के प्रतीक्षालय में नए उच्च क्षमता वाले एयर कंडीशनर लगाए गए हैं। इससे ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को आरामदायक और ठंडा वातावरण मिलेगा। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर जन आहार केंद्र शुरू किया गया है। इस केंद्र के माध्यम से यात्रियों को चौबीसों घंटे निर्धारित और किफायती दरों पर स्वच्छ, पौष्टिक भोजन, नाश्ता तथा पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे। यह सुविधा सामान्य श्रेणी के यात्रियों, छात्रों तथा तीर्थयात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि पठानकोट कैंट एक महत्वपूर्ण और व्यस्त रेलवे स्टेशन है। यात्रियों की सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वातानुकूलित प्रतीक्षालय यात्रियों को गर्मी से राहत देगा, जबकि जन आहार केंद्र के माध्यम से सस्ता और स्वच्छ भोजन आसानी से उपलब्ध होगा।