इज्जतनगर मंडल में सेवानिवृत्त रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानपूर्ण विदाई

इज्जतनगर मंडल में सेवानिवृत्त रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानपूर्ण विदाई

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में जून 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए 3 राजपत्रित अधिकारियों और 37 कर्मचारियों के सम्मान में रोड नंबर-2 स्थित अधिकारी क्लब में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को समापक राशि भुगतान परिपत्र, चिकित्सा कार्ड तथा सेवानिवृत्ति से संबंधित आवश्यक दस्तावेज सौंपे और उनके स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जीवनभर की अर्जित पूंजी का सोच-समझकर निवेश करने और अपने अनुभवों से समाज व परिवार का मार्गदर्शन करते रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रेल सेवा के दौरान कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि इस माह सेवानिवृत्त होने वाले तीन राजपत्रित अधिकारियों में ओ.पी. मीना, ए.के. सिंह और अनिल कुमार शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों के 37 कर्मचारियों को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार इज्जतनगर मंडल में एक नई पहल शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत सेवानिवृत्ति से उत्पन्न रिक्त पदों पर उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जाती है। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना और पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध तथा पारदर्शी बनाना है। इसी क्रम में जून माह में विभिन्न विभागों के अनेक कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक यू. एस. नाग सहित सभी शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारी, रेलकर्मी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे।