गन्ने के खेत में सिंचाई करते समय करंट लगने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

पूरनपुर (पीलीभीत)। थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में मजदूरी पर गन्ने के खेत की सिंचाई करने गए एक युवक की हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से करंट लगने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के ग्राम महुआ गुंदे निवासी विकास शुक्ला 38 वर्ष पुत्र ओमप्रकाश शुक्ला गांव के ही नन्हू अवस्थी के त्रेतानाथ मंदिर के पास स्थित गन्ने के खेत में मजदूरी पर सिंचाई करने गए थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। सूचना पर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी राखी और 6 वर्षीय पुत्र आदित्य को छोड़ गए हैं। पति की असमय मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।