महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने लालकुआं स्टेशन का किया संरक्षा निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की प्रगति परखी

महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने लालकुआं स्टेशन का किया संरक्षा निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की प्रगति परखी

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने शुक्रवार को इज्जतनगर मंडल के अधिकारियों के साथ लालकुआं रेलवे स्टेशन, यार्ड, रनिंग रूम एवं कोच केयर सेंटर का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे संरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के साथ-साथ अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सबसे पहले महाप्रबंधक ने रनिंग रूम का निरीक्षण करते हुए वहां के किचन, आवासीय कक्षों और कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने भोजन कर रहे रनिंग स्टाफ से भोजन की गुणवत्ता, सुविधाओं और कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनके सुझाव भी सुने। इस दौरान रनिंग रूम में संधारित अभिलेखों एवं दस्तावेजों की भी गहन जांच की गई।

इसके बाद श्री बोरवणकर ने कोच केयर सेंटर पहुंचकर वहां उपलब्ध आधुनिक तकनीकी उपकरणों और यंत्रों की कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों से प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि रेल संचालन में संरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और सभी कर्मचारी पूर्ण सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्व निभाएं। उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने रनिंग रूम और कोचिंग डिपो/कैरिज एंड वैगन कर्मचारियों के लिए 15 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की।

महाप्रबंधक ने इसके बाद अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे लालकुआं रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों और तय समयसीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत लालकुआं स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, मॉड्यूलर शौचालय, आकर्षक स्टेशन भवन फसाड, विस्तारित प्लेटफार्म, जीआरपी पोस्ट, आरक्षण भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, नई साइनेज प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और वाहन पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

दिव्यांगजन यात्रियों के लिए भी स्टेशन को पूरी तरह सुविधाजनक बनाया जा रहा है। इसके तहत टैक्टाइल पथ, वाटर बूथ, सुलभ टिकट काउंटर, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, रैंप, पार्किंग और सहायता बूथ जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रियों की आसान आवाजाही के लिए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है, जबकि स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा भी स्वीकृत हो चुकी है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन सभी कार्यों के पूरा होने के बाद लालकुआं स्टेशन यात्रियों को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ संरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।