रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने किया स्पेशल ट्रेन का ऐलान

गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को बड़ी राहत, जम्मू से खड़गपुर के लिए चलेगी विशेष आरक्षित ट्रेन

गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। के जम्मू मंडल द्वारा शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशन से खड़गपुर के बीच एक विशेष एकतरफा आरक्षित ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह विशेष ट्रेन संख्या 04648 यात्रियों की सुविधा के लिए 26 जून 2026, शुक्रवार को संचालित की जाएगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह पूर्णतः आरक्षित विशेष ट्रेन 26 जून को रात 9:30 बजे शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन से रवाना होगी और 28 जून 2026 को दोपहर 12:30 बजे खड़गपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए गए हैं ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके।

यह स्पेशल ट्रेन अपने मार्ग में जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना जंक्शन, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सुल्तानपुर जंक्शन, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया जंक्शन, कोडरमा, गोमो, आद्रा, बांकुड़ा और मिदनापुर जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे का कहना है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से गर्मियों की छुट्टियों में जम्मू-कश्मीर से पश्चिम बंगाल की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पूरी तरह आरक्षित होने के कारण यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ का दबाव भी कम होगा।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि गर्मियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे लगातार यात्रियों की संख्या पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।

जम्मू मंडल ने यात्रियों से बिना वैध आरक्षण टिकट यात्रा न करने और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की भी अपील की है।