अजमेर मंडल में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल पर रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक ऑफिसर्स क्लब, कचहरी रोड, अजमेर में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रखी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक द्वारा उपस्थित सभी लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और स्वास्थ्य संबंधी अभ्यास कराए गए। साथ ही योग के महत्व और इसे नियमित दिनचर्या में शामिल करने के लाभों के बारे में जानकारी दी गई।

योग शिविर में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा, उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन अजमेर मंडल की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव सहित मंडल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से दैनिक जीवन में योग अपनाने का आह्वान किया, जिससे स्वस्थ, ऊर्जावान और बेहतर कार्य वातावरण का निर्माण किया जा सके।

अजमेर मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम कर्मचारियों के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और बेहतर जीवनशैली के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। योग दिवस के माध्यम से सभी को निरोग जीवन और स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया।