बारादरी पुलिस ने 1.5 लाख की स्मैक के साथ शातिर तस्कर को किया गिरफ्तार

बरेली थाना बारादरी पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दिनांक 19/20 जून की रात थाना बारादरी क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना मिली कि 99 बीघा पीलीभीत रोड के पास एक व्यक्ति स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफजाल हुसैन पुत्र अमानत, निवासी एजाज नगर गौटिया, थाना बारादरी, बरेली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशेड़ियों को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्मैक ऊंचे दामों में बेचता था और इसी अवैध कारोबार से परिवार का खर्च चलाता था। आरोपी के खिलाफ थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।