महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर विद्युत इंजन शेड का किया निरीक्षण, सुरक्षा और आधुनिक तकनीक पर दिया विशेष जोर

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर विद्युत इंजन शेड का किया निरीक्षण, सुरक्षा और आधुनिक तकनीक पर दिया विशेष जोर

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को बिलासपुर स्थित Electric Loco Shed Bilaspur के विद्युत इंजन शेड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंजनों के रखरखाव कार्यों की समीक्षा करते हुए रेल सुरक्षा, गुणवत्ता और आधुनिक तकनीकों के अधिक उपयोग पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता आर.के. चौधरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुदित भटनागर, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी आदित्य कुमार, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महाप्रबंधक को शेड में चल रही विभिन्न तकनीकी गतिविधियों और नई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

महाप्रबंधक ने विद्युत इंजनों के रखरखाव से जुड़े विभिन्न कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पहियों की माप जांच व्यवस्था, ट्रैक्शन मोटरों के रखरखाव, वायु प्रणाली, विद्युत उपकरणों तथा अन्य यांत्रिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी अनुरक्षण कार्य पूरी सुरक्षा, गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर किए जाएं।

इस अवसर पर उन्होंने शेड में विकसित नई ब्रेक परीक्षण व्यवस्था, उच्च क्षमता वाले नए औद्योगिक वायु संपीड़क तथा रबर, वार्निश और बेयरिंग जैसे संवेदनशील उपकरणों के सुरक्षित रखरखाव के लिए बनाए गए विशेष वातानुकूलित भंडारण कक्ष का उद्घाटन भी किया।

निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के कौशल विकास, उपलब्ध मानव संसाधनों के बेहतर उपयोग और अन्य इंजन शेडों की बेहतर कार्यप्रणाली अपनाकर इंजन खराब होने की घटनाओं में कमी लाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने रखरखाव कार्यों में नई तकनीक और नवाचार को अधिक से अधिक अपनाने पर बल दिया।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर विद्युत इंजन शेड में किए जा रहे नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे में सुरक्षा, गुणवत्ता और विश्वसनीयता सबसे महत्वपूर्ण है। बेहतर तकनीक, लगातार सुधार और आधुनिक व्यवस्था के जरिए ही यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद रेल सेवा उपलब्ध कराई जा सकती है।