बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिली डिजिटल लॉकर सुविधा, अब सामान रहेगा सुरक्षित

बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिली डिजिटल लॉकर सुविधा, अब सामान रहेगा सुरक्षित

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा और उनके सामान की सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में नई पहल की है। बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों के लिए आधुनिक डिजिटल लॉकर सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।

यह आधुनिक और पूरी तरह डिजिटल सेवा यात्रियों को अपने सामान को सुरक्षित रखने की सुविधा देगी, जिससे वे स्टेशन या शहर में बिना किसी चिंता के अपने जरूरी कार्य आसानी से कर सकेंगे। रेलवे की इस पहल को यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि डिजिटल लॉकर सुविधा यात्रियों के लिए एक उपयोगी और नई व्यवस्था है। इसके माध्यम से यात्री अपने सामान को सुरक्षित रखकर निश्चिंत होकर यात्रा कर सकते हैं या शहर में घूमने-फिरने का आनंद ले सकते हैं। यह सुविधा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि डिजिटल लॉकर प्रणाली में यात्री अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर ओटीपी आधारित प्रवेश प्रक्रिया पूरी करते हैं। इसके बाद आवश्यक जानकारी भरकर अपनी जरूरत के अनुसार लॉकर का चयन किया जा सकता है। भुगतान की पूरी प्रक्रिया डिजिटल रखी गई है, जिसमें क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन भुगतान किया जाता है। भुगतान पूरा होते ही लॉकर अपने आप खुल जाता है और यात्री अपना सामान सुरक्षित रख सकते हैं।

स्टेशन पर मध्यम, बड़े और अतिरिक्त बड़े आकार के लॉकर उपलब्ध कराए गए हैं। इन्हें 6 घंटे या 24 घंटे की अवधि के लिए बुक किया जा सकता है। यह सुविधा उपयोग में आसान, सुरक्षित और पूरी तरह डिजिटल है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस नई सुविधा से यात्रियों को सफर के दौरान अधिक सुविधा मिलेगी और वे बिना सामान की चिंता किए अपने कार्य आसानी से कर सकेंगे। रेलवे लगातार यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।